May 7, 2026

रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी पर बड़ा एक्शन: नमन जग्गी और आयुष जैन समेत 3 गिरफ्तार, 55 लाख का सामान जब्त

0
IMG-20260507-WA0002_copy_800x450

रायपुर – राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नमन जग्गी, आयुष जैन और मोहम्मद सरफराज मामदानी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन, 2 लग्जरी चारपहिया वाहन और नगदी रकम जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन बैटिंग एप और वेबसाइट के जरिए सट्टा संचालित किए जाने की लगातार सूचना मिल रही थी। इस मामले की मॉनिटरिंग स्वयं पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा की जा रही थी।

जानकारी के अनुसार 5 मई 2026 को एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना तेलीबांधा क्षेत्र स्थित 36 मॉल के पास एक चारपहिया वाहन में बैठकर मोबाइल फोन के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन को घेराबंदी कर पकड़ा।

वाहन में मौजूद व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम नमन जग्गी निवासी कोतवाली रायपुर बताया। पुलिस ने जब उसका मोबाइल फोन चेक किया तो उसमें Gold777.Com नामक ऑनलाइन बैटिंग आईडी के माध्यम से क्रिकेट सट्टा संचालित करना पाया गया। पूछताछ में नमन जग्गी ने बताया कि वह राजेंद्र नगर निवासी आयुष जैन और गोलबाजार निवासी मोहम्मद सरफराज मामदानी को आईडी उपलब्ध कराता था और दोनों भी ऑनलाइन सट्टे का संचालन करते थे।

इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की और उन्हें भी एक अन्य चारपहिया वाहन में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आयुष जैन jmdbet777.com और AllpaneleXch9.co नामक साइटों के जरिए सट्टा चला रहा था, जबकि मोहम्मद सरफराज मामदानी silverbet777.club नामक आईडी से ऑनलाइन बैटिंग का संचालन कर रहा था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन, 6 हजार रुपये नगद और दो महंगी चारपहिया वाहन क्रमांक CG 04 QX 3300 एवं CG 04 NU 0313 जब्त किए हैं। थाना तेलीबांधा में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 202/26 के तहत धारा 4(क) जुआ अधिनियम, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं 112(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के तार अन्य राज्यों से भी जुड़े होने के संकेत मिले हैं। तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा सकती है।

इस कार्रवाई में एक और अहम तथ्य सामने आया है कि आरोपी आयुष जैन का भाई पीयूष जैन पहले भी ऑनलाइन सट्टा प्रकरण में गिरफ्तार हो चुका है। उसे 31 जनवरी 2026 को थाना गंज पुलिस ने करीब 37.50 लाख रुपये नगद के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
रायपुर पुलिस के मुताबिक, कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद वर्ष 2026 में अब तक ऑनलाइन सट्टे के 15 मामलों में 74 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन आरोपियों के कब्जे से अब तक 66.56 लाख रुपये नगद, 217 मोबाइल फोन, 20 लैपटॉप, 10 चारपहिया वाहन, 4 दोपहिया वाहन समेत करीब 3.53 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव कुमार शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने आईपीएल सीजन के दौरान क्रिकेट सट्टेबाजी पर लगातार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। रायपुर पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वालों पर आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed