April 24, 2026

नवरात्रि में रेलवे सुरक्षा बल की पहल: श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी आरपीएफ टीम

0
Screenshot_20260325_134632_copy_881x547


राजनांदगांव – नवरात्रि के पावन अवसर पर जहां एक ओर पूरे प्रदेश में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने भी मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए श्रद्धालुओं की मदद के लिए सराहनीय पहल की। राजनांदगांव रेलवे स्टेशन में मंगलवार को लोकल ट्रेनों के जरिए डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को आरपीएफ द्वारा विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपचंद्र आर्य के निर्देशन में यह सेवा कार्य संचालित किया गया। इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल प्रभारी इंस्पेक्टर तरुणा साहू के नेतृत्व में पूरी टीम स्टेशन परिसर में तैनात रही और यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान की गई। नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ जाने वाले यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि को देखते हुए यह पहल काफी महत्वपूर्ण साबित हुई।

भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए आरपीएफ टीम द्वारा स्टेशन पर विशेष व्यवस्था की गई थी। यात्रियों, खासकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को पानी और शरबत वितरित किया गया, जिससे उन्हें राहत मिली। प्लेटफॉर्म पर खड़े यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने में भी सहयोग किया गया, जिससे अव्यवस्था की स्थिति न बने और यात्रा सुरक्षित तरीके से पूरी हो सके।

यात्रियों ने रेलवे सुरक्षा बल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की सेवा से उन्हें काफी सहूलियत मिली है। कई श्रद्धालुओं ने बताया कि गर्मी और भीड़ के बीच इस तरह पानी और शरबत मिलना किसी राहत से कम नहीं है। आरपीएफ जवानों का व्यवहार भी काफी सहयोगपूर्ण रहा, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
इंस्पेक्टर तरुणा साहू ने बताया कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह सेवा कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे सुरक्षा बल का उद्देश्य केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर यात्रियों की सेवा करना भी उनकी प्राथमिकता है। आगे भी इस तरह की पहल जारी रहेगी।

रेलवे प्रशासन और आरपीएफ की इस संयुक्त पहल ने यह साबित कर दिया है कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर इस तरह की सेवा भावना न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश भी देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed