April 24, 2026

दर्दनाक हादसा: पानी की टंकी में डूबने से डेढ़ साल के मासूम की मौत, इलाके में पसरा मातम

0
WhatsApp-Image-2026-03-22-at-9.49.18-PM-768x932

छत्तीसगढ़ – राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलीडीह इलाके से रविवार को एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां महात्मा गांधी नगर गली नंबर-01 में निर्माणाधीन पानी की टंकी में डूबने से डेढ़ साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक मासूम का नाम इराज साहू (उम्र करीब डेढ़ साल) है। बताया जा रहा है कि हादसे से करीब एक घंटे पहले बच्चा अपनी नानी के साथ छत पर खेल रहा था। परिजनों ने उसका वीडियो भी बनाया था। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर बाद यह खुशियां मातम में बदल जाएंगी।

घटना के वक्त बच्चे की मां काम पर गई हुई थी, जबकि मासूम अपनी दादी के साथ घर में खेल रहा था। इसी दौरान खेलते-खेलते वह घर में बनी निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास पहुंच गया। टंकी खुली हुई थी और उस पर किसी प्रकार का ढक्कन या सुरक्षा इंतजाम नहीं किया गया था। इसी लापरवाही के चलते बच्चा अचानक टंकी में गिर गया।

कुछ समय तक परिजनों का ध्यान बच्चे पर नहीं गया। जब काफी देर तक बच्चा नजर नहीं आया तो परिवार के लोग घबरा गए और घर व आसपास उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद किसी की नजर पानी की टंकी पर पड़ी, जहां मासूम डूबा हुआ मिला।

घटना के बाद परिजन तत्काल बच्चे को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे मोहल्ले में मातम छा गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो रहा है कि हादसा लापरवाही के चलते हुआ। पुलिस अब मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

सवाल खड़े करती लापरवाही

यह हादसा एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि घरों में निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी कितनी भारी पड़ सकती है। एक छोटी सी चूक ने एक मासूम की जान ले ली।
प्रशासन और स्थानीय लोगों से अपील की जा रही है कि निर्माणाधीन स्थानों को सुरक्षित रखें, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed