बलरामपुर में फिर फूटा ‘अफीम कांड’… 9 एकड़ में लहलहा रही थी अवैध फसल, प्रशासन मौके पर
छत्तीसगढ़ – बलरामपुर जिले के करोंधा थाना क्षेत्र के चंदाडांडी गांव में फिर अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई, जहां करीब 9 एकड़ जमीन पर अफीम की फसल लहलहाती हुई पाई गई।
जानकारी के मुताबिक यह खेती जंगल से लगे इलाके में गुपचुप तरीके से की जा रही थी। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना के बाद प्रशासन हरकत में आया और राजस्व, पुलिस और संबंधित विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि अफीम की फसल काफी बड़े क्षेत्र में तैयार अवस्था में थी। कई जगहों पर डोडे भी विकसित हो चुके थे, जिससे साफ है कि फसल को जल्द ही अवैध कारोबार के लिए इस्तेमाल किया जाना था।
पूरी फसल नष्ट करने की कार्रवाई
प्रशासन ने मौके पर ही पूरी अफीम की फसल को नष्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इतने बड़े पैमाने पर अवैध खेती के पीछे कौन लोग शामिल हैं और किसके संरक्षण में यह काम चल रहा था।
प्रशासन पर भी उठे सवाल
लगातार सामने आ रहे मामलों के बाद प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल उठने लगे हैं। आखिर 9 एकड़ में अवैध अफीम की खेती तैयार हो गई और किसी को भनक तक नहीं लगी, यह बड़ा सवाल बन गया है।
फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और संभावना है कि जल्द ही इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

