खबर का असर: भलेरा धान खरीदी केंद्र में पानी डालने के मामले में कलेक्टर का एक्शन, तीन सदस्यीय जांच टीम गठित
रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता
रायपुर/आरंग। भलेरा सहकारी समिति के धान खरीदी केंद्र में धान के स्टैक को पाइप से पानी डालकर भिगोने के वायरल वीडियो के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया है और पूरे प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी है।
खबर का असर: कलेक्टर का त्वरित एक्शन
कलेक्टर के निर्देश पर गठित जांच दल मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गया है। यह टीम धान खरीदी केंद्र में रखे धान के स्टैक, भंडारण व्यवस्था और कर्मचारियों की भूमिका की बारीकी से जांच कर रही है।

जांच दल में सहायक आयुक्त विनय शुक्ला के नेतृत्व में सुमित डडसेना (सहकारिता विस्तार अधिकारी) और अशोक साहू (सहकारिता निरीक्षक) शामिल हैं। तीनों अधिकारियों का संयुक्त दल घटनास्थल पर पहुंचकर खरीदी केंद्र की स्थिति का निरीक्षण कर रहा है। साथ ही ग्रामीणों से भी बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है, ताकि मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जा सके।
गौरतलब है कि ग्राम भलेरा के धान खरीदी केंद्र में धान से भरी बोरियों और स्टैक को बोरवेल के पानी से भिगोने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया था कि धान के वजन में हेरफेर करने के लिए यह काम किया जा रहा था, जिसके बाद इलाके में आक्रोश फैल गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने साफ शब्दों में कहा है कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी तरह की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अब पूरे मामले में जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद संबंधित जिम्मेदारों पर बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

