वीडियो वायरल ; धान खरीदी केंद्र में घोटाले का खेल! बोरियों में पाइप से डाला जा रहा था पानी, ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ा
रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता
छत्तीसगढ़ – रायपुर जिले के अभनपुर क्षेत्र के ग्राम भलेरा स्थित धान खरीदी केंद्र में बड़ा खेल उजागर हुआ है। यहां धान से भरी बोरियों में पाइप के जरिए पानी डालकर उनका वजन बढ़ाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस पूरी करतूत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक आरंग विकासखंड अंतर्गत भलेरा सहकारी समिति के धान खरीदी केंद्र में कर्मचारी खुलेआम धान के स्टैक को बोरवेल के पानी से भिगो रहे थे। आरोप है कि धान के सूखेपन को कम दिखाने और वजन बढ़ाने की नीयत से यह खेल किया जा रहा था, जिससे शासन को लाखों रुपये का नुकसान पहुंच सकता है।
इसी दौरान गांव के कुछ जागरूक ग्रामीणों को इस गड़बड़ी की भनक लग गई। ग्रामीण तुरंत खरीदी केंद्र पहुंचे और मौके पर धान की बोरियों में पानी डालते हुए समिति के लिपिक उमेश साहू को रंगे हाथ पकड़ लिया। हैरानी की बात यह रही कि जब यह सब हो रहा था, तब समिति के प्रबंधक विष्णु साहू और अध्यक्ष लीलू साहू भी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं।
कर्मचारियों की इस हरकत के सामने आते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग धान खरीदी केंद्र पहुंच गए और जमकर हंगामा करते हुए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। ग्रामीणों का आरोप है कि धान की बोरियों में पानी डालकर वजन बढ़ाने का यह सीधा-सीधा भ्रष्टाचार है, जिससे किसानों और शासन दोनों को नुकसान हो सकता है।
मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है। कांग्रेस नेता और जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और सरकारी व्यवस्था के साथ इस तरह की धांधली किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही आरंग क्षेत्र के मुनरेठी धान खरीदी केंद्र में भी इसी तरह का मामला सामने आया था, जिससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। इसके बावजूद भलेरा में दोबारा ऐसी घटना सामने आने से खरीदी व्यवस्था की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
अब देखना यह होगा कि वायरल वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासन इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई करता है, या फिर धान खरीदी केंद्रों में चल रहे इस ‘पानी वाले खेल’ पर पर्दा ही पड़ा रहेगा।

