रायपुर में 24 घंटे में 4 हत्याएं, होली के हुड़दंग से लेकर पारिवारिक विवाद तक—शहर दहला
रायपुर। राजधानी रायपुर में बीते 24 घंटे के भीतर हत्या की चार सनसनीखेज घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इनमें से तीन हत्याएं होली के दिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच हुईं, जबकि एक हत्या का मामला रेलवे कॉलोनी से सामने आया है। इसके अलावा एक हिस्ट्रीशीटर पर जानलेवा हमला भी हुआ है।
होली के हुड़दंग में युवक की चाकू मारकर हत्या
पहली घटना आंरग थाना क्षेत्र के साहू पारा में दोपहर करीब 12 बजे के बाद हुई। होली के दौरान कुछ युवक लोगों के कपड़े फाड़ते हुए हुड़दंग मचा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने नीरज लोधी को रोककर उसके कपड़े फाड़ने की कोशिश की।

नीरज ने इसका विरोध किया तो एक युवती समेत अन्य युवकों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पेट, पीठ और सिर पर कई वार किए गए, जिससे कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
जन्मदिन के दिन युवक की हत्या
दूसरी घटना खरोरा थाना क्षेत्र के माठ गांव में हुई। यहां दो नाबालिगों ने मिलकर 18 वर्षीय मोहित निषाद की चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि घटना के दिन ही मोहित का जन्मदिन था। विवाद होली में रंग लगाने को लेकर हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। इस मामले में दो नाबालिगों के साथ उनकी मां को भी आरोपी बनाया गया है। खरोरा पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया है।
बड़े भाइयों ने छोटे भाई को मार डाला
तीसरी घटना विधानसभा थाना क्षेत्र के बरबंदा गांव में सामने आई। यहां दो सगे भाइयों कमलेश विश्वकर्मा और अखिलेश वर्मा ने मिलकर अपने छोटे भाई दिनेश वर्मा की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दिनेश, बड़े भाई की गैरमौजूदगी में अपनी भाभी को अस्पताल ले गया था। इसी बात पर आरोपियों को चारित्रिक शंका हो गई। गुस्से में दोनों भाइयों ने लाठी से दिनेश के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हिस्ट्रीशीटर पर जानलेवा हमला
चौथी घटना तिल्दा थाना क्षेत्र की है, जहां लाला यादव नाम के हिस्ट्रीशीटर और नामचीन अपराधी पर एक स्थानीय युवक ने हमला कर दिया। हमले में लाला यादव गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी युवक को हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
रेलवे कॉलोनी में युवक की हत्या
इसी बीच रायपुर के खारून रेलवे कॉलोनी में भी एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस अलर्ट, जांच जारी
लगातार सामने आई इन घटनाओं के बाद रायपुर पुलिस अलर्ट पर है। सभी मामलों में अलग-अलग टीमें बनाकर जांच की जा रही है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। होली के रंगों के बीच खून से सनी राजधानी की ये वारदातें शहर में दहशत और चिंता का माहौल पैदा कर रही हैं।

