April 24, 2026

रायपुर में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 28.621 किलो गांजा के साथ यूपी का अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

0
IMG-20260304-WA0035_copy_739x544


रायपुर। राजधानी में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 28.621 किलोग्राम गांजा के साथ उत्तर प्रदेश के एक अंतर्राज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। जप्त गांजा और अन्य मशरूका की कुल कीमत लगभग 14.41 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप कुमार पटेल के संयुक्त निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट, एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और थाना कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

मुखबिर की सूचना पर दबिश

पुलिस को 3 मार्च 2026 को सूचना मिली थी कि थाना कबीर नगर क्षेत्र अंतर्गत सीतानगर–गोगांव रोड, अविनाश आशियाना के पीछे स्थित भाठा पास एक व्यक्ति ट्रॉली बैग में गांजा रखकर बिक्री की फिराक में है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को धर दबोचा।

ट्रॉली बैग से निकला भारी मात्रा में गांजा

पकड़े गए व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम अविनाश अग्रहारी निवासी जिला रायबरेली (उत्तर प्रदेश) बताया। तलाशी लेने पर उसके ट्रॉली बैग और अन्य बैग से कुल 28.621 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही एक मोबाइल फोन भी जप्त किया गया।

एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 60/26, धारा 20(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर अन्य तस्करों की तलाश की जा रही है।

2026 में अब तक की बड़ी उपलब्धि


पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक गांजा तस्करी के 16 मामलों में 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान 185.002 किलोग्राम गांजा, ₹2.05 लाख नकद, 2 चारपहिया वाहन और 9 मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.05 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ End-to-End और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed