देखिए वीडियों; नक्सलवाद छोड़ मुख्यधारा में लौटे युवाओं के साथ गृह मंत्री विजय शर्मा का रात्रिभोज, पुनर्वास का दिया भरोसा
रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता
रायपुर— छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा के निवास पर आज नक्सलवाद की राह छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटे पुनर्वासित भाई-बहनों के साथ रात्रिभोज का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मानवीय संवेदनाओं और सकारात्मक सोच का प्रतीक रहा, जिसने लौटे युवाओं में विश्वास और आत्मसम्मान का भाव भरा।
इस अनौपचारिक लेकिन भावुक मुलाकात में गृह मंत्री ने पुनर्वासित युवाओं से सीधा संवाद किया और उनके पुनर्वास, रोजगार, शिक्षा तथा सुरक्षित भविष्य को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि हिंसा का रास्ता छोड़कर शांति और विकास को अपनाने वाले हर व्यक्ति के साथ सरकार मजबूती से खड़ी है।
गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह पहल राज्य सरकार की उस नीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य नक्सली हिंसा पर निर्णायक रोक, आत्मसमर्पण करने वाले युवाओं को नई दिशा देना और उन्हें सम्मान के साथ समाज में पुनर्स्थापित करना है।
कार्यक्रम में मौजूद पुनर्वासित भाई-बहनों ने भी अपने अनुभव साझा किए और सरकार द्वारा मिले सहयोग पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से उन्हें एक नया जीवन शुरू करने की प्रेरणा मिल रही है।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ में बदलते माहौल का संकेत है, जहां अब हिंसा नहीं, बल्कि संवाद, विश्वास और विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।

