वीडियों: भाजपा विधायक की चेतावनी भी बेअसर! पुलिस–आबकारी की नाक के नीचे बिक रही अवैध शराब, किलेपाल बना माफियाओं का सेफ ज़ोन
रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता
जगदलपुर – बस्तर जिले की चित्रकोट विधानसभा में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। हालात इतने बदतर हैं कि भाजपा विधायक विनायक गोयल की लगातार शिकायतें भी सरकार, पुलिस और आबकारी विभाग के कानों तक नहीं पहुंच रहीं। नतीजा—अवैध शराब का कारोबार बेलगाम, और माफिया खुलेआम कानून को ठेंगा दिखा रहे हैं।
पुलिस-आबकारी की चुप्पी, माफिया बेखौफ
लौंहडीगुड़ा, बस्तानार और तोकापाल ब्लॉक में किराना दुकानों और ढाबों से धड़ल्ले से शराब बेची जा रही है। चौंकाने वाला सच यह है कि नाबालिग बच्चियों के हाथों शराब की बिक्री कराई जा रही है—और जिम्मेदार विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं।
किलेपाल: अवैध शराब का खुला बाजार
ताज़ा मामला किलेपाल का है, जहां जनपद पंचायत कार्यालय के सामने स्थित किराना स्टोर, बैंक ऑफ बड़ौदा के बगल की दुकान—दोनों जगह खुलेआम अवैध शराब की बिक्री कैमरे में कैद हुई। एक दुकान में नाबालिग लड़की शराब बेचती दिखी, जबकि दूसरी में महिला दुकानदार युवकों को चार-चार बीयर थमाती नजर आई। दुकानों में भारी मात्रा में शराब का अवैध स्टॉक होने की पुष्टि स्थानीय सूत्र कर रहे हैं।
कोड़ेनार थाना सवालों के घेरे में
पूरा मामला कोड़ेनार थाना क्षेत्र का है, लेकिन पुलिस की चुप्पी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या संरक्षण के बिना यह धंधा संभव है? आखिर कार्रवाई क्यों नहीं?
आबकारी का बयान—जांच के नाम पर खानापूर्ति?
आबकारी विभाग के अधिकारी रविकांत जायसवाल का कहना है कि “मामला संज्ञान में आने के बाद जांच की जा रही है, अवैध शराब की बिक्री गंभीर अपराध है।” लेकिन जमीन पर कार्रवाई शून्य—और वीडियो पर वीडियो सामने आ रहे हैं।
विधायक ने पहले ही उठाया था मुद्दा
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही विधायक विनायक गोयल ने मीडिया के सामने साफ कहा था कि मौखिक शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। अब एक के बाद एक वीडियो सामने आना इस दावे को पुख्ता कर रहा है।

