March 6, 2026

वीडियों: हथकरघा बुनकर संघ की वार्षिक आमसभा संपन्न, ₹280.23 करोड़ का बजट ध्वनि मत से पारित

0
Screenshot_20260220_192445_copy_800x508

रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता

रायपुर – छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा बुनकर संघ की वार्षिक आमसभा आज रायपुर स्थित निजी होटल में संघ के अध्यक्ष भोजराम देवांगन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। आमसभा में रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती, कोरबा, बिलासपुर, रायपुर, धमतरी, बलौदाबाजार, दुर्ग, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद एवं कांकेर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से कुल 96 प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आमसभा में वर्ष 2024–25 का वित्तीय पत्रक प्रस्तुत किया गया तथा वर्ष 2025–26 में 31 जनवरी 2026 तक के वास्तविक व्यय को अनुमोदन मिला। साथ ही आगामी वर्ष 2026–27 के लिए ₹280.23 करोड़ का वार्षिक अनुमानित बजट ध्वनि मत से पारित किया गया।

बैठक में सरकारी विभागों से प्राप्त होने वाले मांग आदेशों में निरंतर कमी पर चिंता व्यक्त की गई। प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि सभी स्तरों पर प्रयास कर विभागों से अधिक से अधिक मांग आदेश प्राप्त किए जाएं। इसके अलावा वस्त्र उत्पादन नहीं करने वाली निष्क्रिय प्राथमिक बुनकर समितियों की सदस्यता निरस्त करने, बुनाई मजदूरी बढ़ाने और समितियों के सेवा प्रभार में वृद्धि की मांग भी रखी गई।

ग्रामीणोद्योग विभाग के सचिव श्याम धावड़े ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में हथकरघा संघ के कार्यों में पारदर्शिता लाने हेतु एफआईसीसीआई के माध्यम से ऑनलाइन इन्वेंट्री मैनेजमेंट सिस्टम विकसित किया गया है, जिससे विभागों को संघ में उपलब्ध वस्त्र स्टॉक की जानकारी ऑनलाइन मिल सकेगी। राज्य सरकार द्वारा बुनकरों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

संघ अध्यक्ष भोजराम देवांगन ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश के उत्कृष्ट बुनकरों द्वारा उत्पादित कोसा एवं कॉटन वस्त्रों के मूल्य संवर्धन के लिए निट डिजाइनर और ऑनलाइन मार्केटिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि हथकरघा वस्त्रों का व्यापक प्रचार-प्रसार और विपणन हो सके। इसके लिए बस्तर संभाग के जगदलपुर में शोरूम शुरू किया जा चुका है, जबकि अंबिकापुर, रायगढ़, बिलासपुर, बालोद, जांजगीर एवं चंद्रपुर सहित प्रदेश के बाहर मुंबई, कोलकाता, दिल्ली और बेंगलुरु में भी शोरूम खोलने का प्रस्ताव है।

आमसभा में यह भी जानकारी दी गई कि बुनकरों के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन पुरस्कार, वरिष्ठ बुनकर सम्मान तथा उच्च शिक्षा हेतु प्रोत्साहन राशि प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री से समय लेकर प्रदेश स्तरीय बुनकर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम में संघ के पूर्व अध्यक्ष कमल देवांगन, दिवाकर राठौर (वित्त विभाग), उमेश तिवारी (सहकारिता विभाग), अमृत यादव (ग्रामीणोद्योग विभाग), संयुक्त संचालक हथकरघा ए. अयाज सहित संघ के कर्मचारी उपस्थित रहे। मंच संचालन गोविंद देवांगन द्वारा तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी एम.एम. जोशी (सचिव) ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed