March 6, 2026

GATE परीक्षा में हाईटेक नकल का भंडाफोड़, रायपुर में 6 आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260215-WA0008

बिप्लव दत्ता

रायपुर – राष्ट्रीय स्तर की GATE परीक्षा को हाईटेक तरीके से मैनेज करने की साजिश का रायपुर पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और ब्लूटूथ तकनीक के जरिए अभ्यर्थियों को बाहर बैठे लोगों से उत्तर दिलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने 6 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

यह बड़ी कार्रवाई रायपुर पुलिस द्वारा थाना डीडी नगर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि परीक्षा केंद्र के आसपास कुछ लोग संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं और परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने की साजिश चल रही है।

परीक्षा केंद्र के बाहर चल रहा था “उत्तर सप्लाई रैकेट”

पुलिस टीम ने परीक्षा केंद्र आयन डिजिटल ज़ोन सरोना के आसपास गोपनीय निगरानी की। इसी दौरान कुछ युवकों को इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि परीक्षा हॉल के भीतर बैठे अभ्यर्थी ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए प्रश्न पढ़ते थे, जबकि बाहर बैठे साथी गूगल सर्च से उत्तर निकालकर तुरंत उन्हें भेजते थे।

मोटी रकम लेकर कराते थे नकल

आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे परीक्षार्थियों को विशेष सूक्ष्म ब्लूटूथ डिवाइस उपलब्ध कराते थे और इसके बदले उनसे मोटी रकम वसूलते थे। यह पूरा नेटवर्क योजनाबद्ध तरीके से संचालित किया जा रहा था।

दर्ज अपराध और बरामदगी

थाना डीडी नगर में अपराध क्रमांक 112/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और लोक परीक्षा अनुचित साधनों का निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

बरामद सामग्री में शामिल:

03 सूक्ष्म ब्लूटूथ ईयर डिवाइस
04 अन्य ब्लूटूथ इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस
08 मोबाइल फोन
03 सिम कार्ड
नकल से जुड़ी अन्य सामग्री

गिरफ्तार आरोपी (सभी हरियाणा निवासी)

पुलिस ने प्रकरण में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दर्शन सहवाग, सुमित सहवाग, लक्ष्मीनारायण उर्फ लक्की, अमर, नरेंद्र कुमार और बंटी कुमार शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और इस हाईटेक नकल रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई परीक्षा प्रणाली की शुचिता बनाए रखने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed