धमतरी में दर्दनाक सड़क हादसा: CRPF के 3 जवान शहीद, कार चालक की भी मौत
छत्तीसगढ़ – धमतरी जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को गहरे शोक में डुबो दिया। जगदलपुर से रायपुर जा रही एक कार के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से CRPF (Central Reserve Police Force) के तीन जवानों सहित चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक कार चालक भी शामिल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी जवान जगदलपुर से रायपुर की ओर निजी कार से जा रहे थे। इसी दौरान धमतरी क्षेत्र में उनकी कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य जवानों और चालक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि शहीद जवान 201 कोबरा बटालियन से संबंधित थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

