March 6, 2026

22वें स्थापना दिवस पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की बड़ी समीक्षा बैठक, गुणवत्ता और समयबद्धता पर सख्त निर्देश

0
IMG-20260213-WA0006_copy_800x533_2

रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने अपना 22वां स्थापना दिवस मनाया। राज्य गठन के बाद 12 फरवरी 2004 को मंडल का पुनर्गठन हुआ था। पुनर्गठन के बाद से अब तक मंडल द्वारा निर्मित लगभग 1 लाख आवास/संपत्तियों में से करीब 75 प्रतिशत आवास कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के हितग्राहियों के लिए तैयार किए गए हैं।

स्थापना दिवस के अवसर पर मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव एवं आयुक्त अवनीश शरण की अध्यक्षता में समस्त शाखाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने हाउसिंग बोर्ड परिवार को शुभकामनाएं देते हुए किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई और सभी चल रही योजनाओं को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने “रिव्यू, रिफॉर्म और रेवोल्यूशन” के मंत्र के साथ कार्य संस्कृति को और मजबूत करने पर जोर दिया।

अध्यक्ष ने बताया कि वर्षों से रिक्त पड़ी संपत्तियों में से 70 प्रतिशत का विक्रय किया जा चुका है। शेष 30 प्रतिशत संपत्तियों के शीघ्र विक्रय के लिए नई नीति/प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें मरम्मत जैसे प्रावधान शामिल होंगे। साथ ही विकसित कॉलोनियों में मंडल के लिए अनुपयोगी भूखंडों एवं भवनों के अतिरिक्त भूखंडों के आबंटन संबंधी मामलों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।

नई योजनाओं के तहत मकानों के विक्रय स्थलों पर टिन शेड कार्यालय स्थापित करने के निर्देश दिए गए, जहां परियोजनाओं से संबंधित सभी जानकारियां और ब्रोशर उपलब्ध रहेंगे। उल्लेखनीय है कि हाल ही में हाउसिंग बोर्ड ने 2060 करोड़ रुपये की नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया है। वर्ष 2025 में 1023.70 करोड़ रुपये की संपत्तियों का विक्रय कर रिकॉर्ड बनाया गया, वहीं चालू वर्ष में मात्र 40 दिनों में करीब 200 करोड़ रुपये की संपत्तियों का विक्रय किया जा चुका है।
मंडल आयुक्त अवनीश शरण ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी शाखाओं के बीच बेहतर समन्वय से कार्य कर योजनाओं का लाभ शीघ्र जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर माननीय आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ. पी. चौधरी ने कहा कि 22वें स्थापना दिवस पर कार्यों की समीक्षा कर गुणवत्ता और समय पर आवास उपलब्ध कराने को लेकर किया जा रहा मंथन सकारात्मक सोच को दर्शाता है। उन्होंने अध्यक्ष, आयुक्त और पूरी टीम को बधाई दी।

समीक्षा बैठक में तकनीकी, विद्युत, लेखा, प्रशासन, संपदा, वास्तु, मार्केटिंग एवं आईटी शाखाओं के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अपर आयुक्त, मुख्य संपदा एवं लेखा अधिकारी, उप आयुक्त, वरिष्ठ अधिकारी, कार्यपालन अभियंता तथा बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed