नाले की जमीन पर खुलेआम कब्जा, SBP स्कूल प्रबंधन बेखौफ — निगम की चुप्पी पर उठे गंभीर सवाल
( रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता ) रायपुर। शहर के सड्डू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर-5 क्षेत्र में SBP स्कूल प्रबंधन द्वारा नाले की शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर मलबा डाले जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि बार-बार शिकायतों और मौके पर निरीक्षण के बावजूद निगम प्रशासन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाया है, जिससे उसकी कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नाले को पाटकर रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे जलनिकासी पूरी तरह बाधित हो चुकी है। बरसात के मौसम में जलभराव, गंदगी और गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा मंडरा रहा है। लोगों का कहना है कि इस अवैध कब्जे से सैकड़ों परिवारों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं।
निवासियों के अनुसार निगम, जोन कार्यालय और अन्य विभागों को लगातार शिकायतें दी गईं, पर हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। आम नागरिकों के छोटे-से निर्माण पर तुरंत बुलडोजर चलाने वाला निगम, प्रभावशाली निजी स्कूल प्रबंधन के मामले में कार्रवाई से क्यों कतरा रहा है—यह सवाल अब जनता पूछ रही है।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नाले की जमीन से अवैध कब्जा हटाकर मलबा साफ नहीं किया गया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। लोगों का साफ कहना है कि यह सिर्फ अवैध कब्जे का नहीं, बल्कि प्रशासनिक मिलीभगत का भी मामला प्रतीत हो रहा है। अब देखना यह है कि निगम प्रशासन जनता की चिंता को गंभीरता से लेता है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।
वर्जन – अंशुल शर्मा जोन कमिश्नर- 9
पोकलेन मशीन वहा भेज दिया गया है। जल्द ही मलमा मिट्टी को वहाँ से हटाने का कार्य किया जाएगा। वही राजस्व विभाग द्वारा समांकन के लिए करवाई की जाएगी।

