March 6, 2026

रायपुर में ‘भगवा’ की आड़ में बड़ा खेल! फर्जी साधु-संतों पर संत समाज का विस्फोट, ‘ऑपरेशन कालनेमी’ की मांग से मचा हड़कंप

0
Screenshot_20260210_184407_copy_800x524_1


( रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता ) छत्तीसगढ़ – देशभर में धर्म के नाम पर पाखंड करने वाले फर्जी बाबाओं के खुलासों के बीच अब छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भगवा चोला ओढ़कर आस्था के नाम पर जनता को गुमराह करने और लाखों की अवैध उगाही करने वाले कथित फर्जी साधु-संतों के खिलाफ संत समाज रायपुर महानगर ने खुला मोर्चा खोल दिया है।

राजधानी रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संत समाज के शीर्ष संतों ने बड़ा खुलासा करते हुए कई चौंकाने वाले आरोप लगाए, जिससे सियासी और धार्मिक गलियारों में खलबली मच गई है।

कुंभ के नाम पर लाखों की उगाही का आरोप

संत महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय संत समिति के सह प्रभारी स्वामी डॉ. राजेश्वरानंद ने कुशालपुर, रायपुर निवासी अमनदत्त ठाकुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि—

वर्जन– डॉ. राजेश्वरानंद

“दस्तावेज़ों के आधार पर यह सामने आया है कि उत्तरप्रदेश के कुंभ मेले में भक्तों को सुविधा देने के नाम पर लाखों रुपये की चंदा उगाही की गई। ऐसे ‘कालनेमी’ साधुओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।”

संत समाज ने छत्तीसगढ़ सरकार से मांग की है कि उत्तराखंड की तर्ज पर प्रदेश में भी ‘ऑपरेशन कालनेमी’ चलाया जाए, ताकि फर्जी साधुओं की पहचान कर उन्हें प्रदेश से बाहर किया जा सके।

गौमाता के नाम पर उगाही गंभीर अपराध

वहीं महामंडलेश्वर किन्नर अखाड़ा की साध्वी सौम्या ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए कहा—

वर्जन – साध्वी सौम्या

“यदि कोई गौमाता के नाम पर उगाही कर रहा है तो यह उच्च कोटि का अपराध है। इसके खिलाफ बड़ी से बड़ी कार्रवाई की जाएगी।”

पिता ने आरोपों को बताया साजिश

दूसरी ओर, जगतगुरु अमनदत्त ठाकुर के पिता एवं राधा कृष्णालाय लोक न्यास के ट्रस्ट अध्यक्ष विकास ठाकुर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे आपसी जलन का परिणाम बताया।

वर्जन – विकास ठाकुर

“आज तक गौशाला के नाम से किसी से कोई चंदा नहीं लिया गया। शिष्य सेवा भाव से सहयोग करते हैं। जिन लोगों ने आरोप लगाए हैं वे सामने आएं। हमने भी इस संबंध में पुरानी बस्ती थाने में शिकायत दी है।”

कार्रवाई नहीं होने से संत समाज में आक्रोश

संत समाज का आरोप है कि रायपुर एसपी, कलेक्टर और मुख्यमंत्री कार्यालय में शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे संतों में भारी नाराजगी है।

वर्जन – संत समाज

“यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो संत समाज बड़ा आंदोलन करेगा।”

पुलिस ने कही जांच की बात

इस पूरे मामले पर रायपुर पश्चिम के डीसीपी संदीप कुमार पटेल ने कहा

वर्जन – डीसीपी संदीप कुमार पटेल

“अमनदत्त ठाकुर के खिलाफ फर्जी गौशाला और अवैध चंदा उगाही की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”

अब सबकी नजरें सरकार और पुलिस पर

फिलहाल यह मामला आरोप-प्रत्यारोप के बीच गरमाया हुआ है। संत समाज, प्रशासन और सरकार की अगली कार्रवाई पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हुई हैं। अब बड़ा सवाल यही है—क्या छत्तीसगढ़ में भी चलेगा ‘ऑपरेशन कालनेमी’ या फिर फर्जी साधु यूं ही आस्था से खेलते रहेंगे?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed