March 6, 2026

रायपुर में सूखे नशे का अंतर्राज्यीय नेटवर्क ध्वस्त, 24 घंटे में 14 आरोपी गिरफ्तार,60 किलो गांजा बरामद, कीमत करीब 30 लाख, किराए के मकान से चल रहा था तस्करी का अड्डा

0
IMG-20260209-WA0023


रायपुर – राजधानी रायपुर में पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने महज़ 24 घंटे के भीतर 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 60 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह सिंडिकेट रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में किराए के मकान को केंद्र बनाकर ओडिशा से गांजा मंगवाता था और वहां से उत्तर प्रदेश के सोनभद्र, आगरा, नोएडा सहित अन्य राज्यों में सप्लाई करता था। आरोपी रेल मार्ग का उपयोग कर नशे की खेप को एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाते थे।

हिस्ट्रीशीटर गैंग के सदस्य भी गिरफ्तार

पुलिस कार्रवाई में थाना कोतवाली के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर मुकेश बनिया गिरोह से जुड़े दो सदस्य भी गिरफ्तार किए गए हैं, जिनके पास से लगभग 4 किलो गांजा बरामद हुआ है। यह तथ्य साफ करता है कि रायपुर में नशे का कारोबार संगठित अपराध से गहराई से जुड़ा हुआ है।

प्रकरण 01 : उरला में गांजा का गोदाम बना किराए का मकान

दिनांक 08 फरवरी 2026 को सूचना के आधार पर उरला क्षेत्र के बेंद्री रोड, नउवा तालाब के पास गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे संदीप केसरवानी और राजेश यादव को पकड़ा गया। पूछताछ में उनके खुलासे के बाद राजेन्द्र नगर उरला स्थित किराए के मकान पर रेड की गई।
रेड के दौरान मकान से 02 महिलाओं सहित 05 आरोपी और 02 विधि से संघर्षरत बालक मिले। मकान के कमरों में प्लास्टिक बोरियों और बैगों में छुपाकर रखा गया 40.446 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
इस मामले में थाना उरला में अपराध क्रमांक 38/26, धारा 20 बी NDPS एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मकान मालिक की भूमिका की भी जांच जारी है।

प्रकरण 02 : सिविल लाइन में आगरा के तस्कर दबोचे गए

उसी रात खजाना चौक, सिविल लाइन क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन के पास गांजा बेचने की तैयारी कर रहे शाहरुख खान और राहुल कुशवाह (आगरा निवासी) को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से 5.699 किलो गांजा और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 77/26 दर्ज किया गया।


प्रकरण 03 : कोतवाली क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर लिंक उजागर

दिनांक 09 फरवरी 2026 को ओसीएम चौक के पास से ऋषभ ताण्डी उर्फ रिक्की ताण्डी और सौरभ ताण्डी को गांजा बेचते रंगे हाथ पकड़ा गया। इनके पास से 4 किलो गांजा बरामद हुआ। दोनों आरोपियों के संबंध हिस्ट्रीशीटर नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं।

कार्रवाई जारी

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ की जा रही है। इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य तस्करों, सप्लायरों और सहयोगियों पर भी End-to-End कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed