रायपुर में यातायात व्यवस्था होगी और सख़्त,आईटीएमएस कैमरों से बनेंगे 100% ई-चालान, जुर्माना नहीं भरा तो रुकेंगी परिवहन सेवाएं
रायपुर – शहर में यातायात अनुशासन को सुदृढ़ करने की दिशा में रायपुर पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने जयस्तंभ चौक स्थित आईटीएमएस (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ई-चालान की संपूर्ण प्रक्रिया एवं आईटीएमएस के अंतर्गत स्थापित आधुनिक तकनीकी सिस्टम की जानकारी ली।
पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कमिश्नरेट क्षेत्र में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर अब 100 प्रतिशत ई-चालान केवल आईटीएमएस कैमरों के माध्यम से ही बनाए जाएंगे। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को ई-चालान की सूचना एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी जाएगी।

90 दिन में जुर्माना नहीं भरा तो होगी सख़्त कार्रवाई
डॉ. शुक्ला ने बताया कि जिन वाहन स्वामियों द्वारा निर्धारित 90 दिनों के भीतर ई-चालान की राशि जमा नहीं की जाएगी, उन्हें नोटिस जारी कर प्रकरण न्यायालय भेजा जाएगा।
परिवहन सेवाएं होंगी बाधित
पुलिस कमिश्नर ने परिवहन विभाग से समन्वय बनाकर यह भी निर्देश दिए कि जिन वाहनों पर ई-चालान लंबित रहेगा, उनके लाइसेंस नवीनीकरण
परमिट
फिटनेस
नामांतरण
बीमा एवं प्रदूषण जांच प्रमाण पत्र
जैसे सभी परिवहन संबंधी सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया जाएगा। जुर्माना भुगतान के बाद ही सेवाएं पुनः प्रारंभ होंगी। उन्होंने कहा कि इससे ई-चालान भुगतान का प्रतिशत बढ़ेगा और वाहन स्वामी यातायात नियमों की गंभीरता को समझेंगे।
मौके पर चालान कम, डिजिटल कार्रवाई पर ज़ोर
यातायात अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जब अत्यंत आवश्यक न हो तो मौके पर चालान काटना बंद किया जाए। सभी अधिकारियों को उपलब्ध ई-चालान डिवाइस का उपयोग कर डिजिटल चालान बनाने को कहा गया। उल्लंघन करने वाले वाहनों की फोटो लेकर आईटीएमएस सिस्टम के माध्यम से ई-चालान तैयार किए जाएं, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और विवादों से बचा जा सके।
गंभीर मामलों में मौके पर कार्रवाई
नशे की हालत में वाहन चलाने जैसे गंभीर अपराधों में मौके पर एल्कोमीटर से जांच कर तत्काल चालान बनाकर न्यायालय भेजने के निर्देश दिए गए। वहीं नो-एंट्री जैसे मामलों में भी सख़्त कार्रवाई की जाएगी।
खराब सिग्नल और कैमरे तुरंत होंगे दुरुस्त
एल एंड टी कंपनी के मैनेजर दीपक मालवीय को निर्देशित किया गया कि बंद या खराब सिग्नल एवं कैमरों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यह सिस्टम जनता की सुविधा के लिए है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान रहे उपस्थित
निरीक्षण के समय
गुरजीत सिंह
सतीश ठाकुर
सहायक पुलिस आयुक्त यातायात
दीपक मालवीय (मैनेजर, एल एंड टी)
यातायात थाना मुख्यालय प्रभारी सउनि. टी. के. लाल भोई
सहित आईटीएमएस में कार्यरत यातायात स्टाफ मौजूद रहा।

