रायपुर में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई,खमतराई थाना क्षेत्र में हुक्का–ई सिगरेट का गोदाम सील, 25 लाख रुपये की प्रतिबंधित सामग्री जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार,पुणे से रायपुर तक फैला नेटवर्क, दो संचालक फरार
छत्तीसगढ़ – रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खमतराई क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। न्यू गोंदवारा बस्ती स्थित एक गोदाम में अवैध रूप से संग्रहित प्रतिबंधित ई-सिगरेट, हुक्का एवं उससे संबंधित सामग्रियों का भारी जखीरा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त गोदाम में प्रतिबंधित नशे से जुड़ी सामग्रियों का भंडारण किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने गोदाम पर दबिश दी।

गोदाम मैनेजर गिरफ्तार
रेड के दौरान गोदाम में मौजूद व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम प्रबोध शर्मा (56 वर्ष) निवासी कबीर नगर, रायपुर बताया। आरोपी ने स्वयं को गोदाम का मैनेजर होना स्वीकार किया, लेकिन प्रतिबंधित सामग्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ई-सिगरेट, हुक्का, फ्लेवर, कोल, बोंग, पाइप, एल्यूमिनियम फॉयल, कंप्यूटर सिस्टम एवं अन्य दस्तावेज विधिवत जब्त किए।
गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज
आरोपी के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 67/26 के तहत
सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 (संशोधन 2023) की धारा 4(क), 21(क) इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम 2019 की धारा 7 एवं 8 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुणे से आती थी सप्लाई, शहर में होता था वितरण
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि गोदाम और जब्त सामग्री के मुख्य संचालक आकाश तलरेजा (शंकर नगर, पंडरी) एवं नितिन सभागचंदानी (डी.डी. नगर, रायपुर) हैं, जो फिलहाल फरार हैं। प्रतिबंधित सामग्री महाराष्ट्र के पुणे से मंगाई जाती थी और रायपुर शहर के विभिन्न इलाकों में मांग के अनुसार सप्लाई की जाती थी।
पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच जारी है।
जब्त सामग्री
ई-सिगरेट – 78 डिब्बे
हुक्का – 34 नग
हुक्का फ्लेवर – 9 कार्टून
कोल, बोंग, पाइप, नोजल, मेटल शूटर्स सहित अन्य सामग्री
कंप्यूटर सिस्टम एवं दस्तावेज
पुलिस का सख्त संदेश
रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर संलिप्त पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

