परिवहन विभाग से विदाई का सम्मानजनक पल:सम्मान, सेवा और समर्पण की मिसाल बने – चौहान
( रिपोर्ट – बिप्लव दत्ता ) रायपुर – आरटीओ के ज्वाइंट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर यू. वी.एस. चौहान आज शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर परिवहन मुख्यालय में आयोजित गरिमामय समारोह में उन्हें पूरे सम्मान और आत्मीयता के साथ विदाई दी गई। विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रीफल भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में एस. प्रकाश (IAS), सचिव परिवहन, डी. रविशंकर (IPS), मनोज ध्रुव, एडिशनल ट्रांसपोर्ट कमिश्नर, कृष्ण कुमार पटेल, उप परिवहन आयुक्त, जी. एल. देवांगन (ADF), रुद्रेश मिश्रा (ADF), सी. एल. देवांगन, तकनीकी अधिकारी, सी. के. साहू, परिवहन निरीक्षक, मोहम्मद जमील चौहान (स्टेनो) सहित परिवहन मुख्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
43 वर्षों की प्रेरणादायक सेवा
यू. वी.एस.चौहान ने 43 वर्षों तक राज्य शासन की सेवा करते हुए कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी की मिसाल कायम की। वे एक साहसी और जांबाज पुलिस अधिकारी के रूप में पहचाने जाते रहे। अपने लंबे और गौरवशाली करियर में उन्होंने राज्य के लगभग सभी जिलों, पुलिस मुख्यालय, SIB सहित अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
उन्होंने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में भी सेवाएँ दीं, जहाँ चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में प्रशासनिक और सुरक्षा दायित्वों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाया।
विरासत जो प्रेरणा बनेगी
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि यू. वी.एस. चौहान का अनुभव, नेतृत्व और सकारात्मक कार्यसंस्कृति आने वाली पीढ़ियों के अधिकारियों के लिए मार्गदर्शक रहेगी। परिवहन विभाग को उनकी सेवाओं पर गर्व है।
सेवानिवृत्ति भले ही एक औपचारिक पड़ाव हो, लेकिन उनकी सेवाओं की सकारात्मक विरासत विभाग और राज्य प्रशासन में लंबे समय तक प्रेरणा देती रहेगी।

