July 24, 2026

रायपुर पुलिस का सख्त अभियान: मोडिफाई सायलेंसर लगे 65 बुलेट जब्त, हर वाहन पर ₹5000 का जुर्माना

0
IMG-20260128-WA0003

रायपुर- शहर में ध्वनि प्रदूषण और सड़क सुरक्षा को लेकर रायपुर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर यातायात पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए मोडिफाई सायलेंसर लगे 65 बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। सभी वाहन चालकों पर मोटरयान अधिनियम के तहत ₹5000-₹5000 का भारी जुर्माना लगाया गया है।

यह अभियान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन एवं सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में चलाया गया। यातायात थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों ने शहर के प्रमुख मार्गों पर चेकिंग पॉइंट लगाकर तेज आवाज करने वाले अमानक सायलेंसर लगे वाहनों को पकड़ा।

पुलिस ने न सिर्फ वाहनों को जब्त किया, बल्कि सभी बुलेट से मौके पर ही मोडिफाई (अमानक) सायलेंसर निकलवाकर जप्त किए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वाहन स्वामियों को मानक (कंपनी फिटेड) सायलेंसर लगवाने के बाद ही वाहन वापस दिए गए।

तेज आवाज से बढ़ता है हादसों का खतरा

पुलिस के अनुसार, कुछ बुलेट चालक अवैध रूप से मोडिफाई सायलेंसर लगाकर चलते हैं, जिससे सड़क पर अचानक फटाके जैसी तेज आवाज निकलती है। इससे अन्य वाहन चालक घबरा जाते हैं और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया।

पुलिस की अपील

रायपुर पुलिस ने बुलेट व अन्य स्पीड बाइक चालकों से अपील की है कि वे केवल कंपनी द्वारा प्रदत्त मानक सायलेंसर का ही उपयोग करें। तेज आवाज से न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि यह मोटरयान अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों का भी उल्लंघन है। उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही राजधानी रायपुर में संचालित ऑटो पार्ट्स दुकानदारों और बुलेट वाहन विक्रेताओं को भी चेतावनी दी गई है कि वे अमानक और सड़क सुरक्षा के लिए खतरनाक सामान का विक्रय न करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed