March 6, 2026

ऑनलाइन सट्टे का खुलासा: 50 लाख कैश के साथ 4 बुकी गिरफ्तार

0
IMG-20260110-WA0005

छत्तीसगढ़ – रायपुर में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गंज थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 50 लाख 35 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। आरोपी बैटिंग साइट्स पर सट्टा खेलने के लिए ग्राहकों को आईडी उपलब्ध कराने का काम कर रहे थे।

मामला गंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार आरोपी शहर के सिंधु भवन पार्किंग के पास कार में बैठकर ऑनलाइन सट्टे का संचालन कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार्रवाई की और चारों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

पूछताछ करने पर शुरू में सटोरियों ने पुलिस को घुमाने की कोशिश की, लेकिन थोड़ी देर में खुद ही खुलासा कर दिया। आरोपियों के कब्जे से 50 लाख 35 हजार कैश और लैपटाप, मोबाइल फोन, कार, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड, चेक बुक, केल्क्यूलेटर भी जब्त किया गया है। जब्त सामान और कैश की कीमत 80 लाख के करीब  आंकी गई है।आरोपियों के खिलाफ गंज थाने में अपराध क्रमांक 06/26 धारा छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, 112(2)बी.एन.एस., 66(सी) आई.टी.एक्ट का अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों की जांच के दौरान करोड़ों रुपए के लेनदेन का खुलासा किया है, जिसके बाद संबंधित खातों को होल्ड करा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिन ग्राहकों को आरोपी ऑनलाइन सट्टा खिलाते थे, उन्हें भी मार्क कर लिया है, उनके खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई को रायपुर IG अमरेश मिश्रा और सीनियर SP रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पुलिस ने एकसाथ अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed