March 6, 2026

जवान ने खुद के सर्विस राइफल से गोली मारकर की आत्महत्या, कोड़नार कैंप में ड्यूटी पर तैनात था जवान, 7 दिन में दूसरी घटना से सुरक्षा बलों में चिंता बढ़ी

0
67597bb65b017-suicide-by-shooting-084452909-16x9

नारायणपुर – जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिले में तैनात जिला बल के एक जवान ने ड्यूटी के दौरान अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सुरक्षा बलों में शोक और चिंता का माहौल है। जवान को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

यह मामला कोहकमेटा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार घटना 25 दिसंबर की सुबह की है, जब जवान कोड़नार कैंप में ड्यूटी पर तैनात था। उसी दौरान उसने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली सिर के दाहिने हिस्से में लगी, जिससे जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।

गोली की आवाज सुनते ही कैंप में मौजूद अन्य जवान मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने रास्ते में ही उसकी मौत होने की पुष्टि कर दी।

मृतक जवान की पहचान कांकेर जिले के निवासी पिंगल जूरी के रूप में हुई है। वह कोड़नार कैंप में आरक्षक के पद पर पदस्थ था। जवान ने आत्महत्या जैसा कठोर कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस और विभागीय अधिकारी इस पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

बताया गया है कि कोड़नार कैंप को हाल ही में 19 दिसंबर को स्थापित किया गया था। इस कैंप का उद्देश्य अबूझमाड़ के अंदरूनी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और विकास कार्यों को गति देना था। कैंप के शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद इस तरह की घटना सामने आना कई सवाल खड़े कर रहा है।

गौरतलब है कि नारायणपुर जिले में यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे ठीक 7 दिन पहले भी सीमा सुरक्षा बल यानी BSF के एक जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। यह घटना सोनपुर थाना क्षेत्र के होरादी सुरक्षा कैंप की बताई गई थी।

उस मामले में मृतक जवान की पहचान सचिन कुमार के रूप में हुई थी, जो उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के सिंगोली थाना क्षेत्र का रहने वाला था। वह कुछ समय से नारायणपुर में तैनात था। उस घटना में भी आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed