यूथ कांग्रेस नेता राहुल ठाकुर स्कोर्पियो वाहन से सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को मारी टक्कर,नाराज लोगों ने नेता और उसके साथियों को जमकर की कुटाई, पुलिस ने किया गिरफ्तार
रायपुर – राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बैजनाथपारा इलाके में आधी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन ने सड़कों पर जमकर उत्पात मचाया। लापरवाही से चल रही गाड़ी ने सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो वाहन बेहद तेज रफ्तार में थी। आरोप है कि वाहन यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव राहुल ठाकुर चला रहे थे। अचानक हुई टक्करों से कई लोग बाल-बाल बचे। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना का पूरा दृश्य आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गया है। फुटेज में स्कॉर्पियो को अनियंत्रित होकर एक के बाद एक वाहनों से टकराते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है।
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि टक्कर के बाद भी चालक और उसके साथी हंगामा करते रहे। इससे नाराज लोगों ने राहुल ठाकुर और उसके साथियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। मौके पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने राहुल ठाकुर और उसके साथी पारस वाधवा को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में आधी रात को ही थाने पहुंचे और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

