छत्तीसगढ़ विधानसभा शीतकालीन सत्र के पहले दिन की शुरूआत
रायपुर – छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज रविवार, 14 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। राज्य गठन के बाद 25 वर्षों में यह पहली बार होगा जब विधानसभा का सत्र रविवार के दिन से शुरू होगा। यह सत्र 17 दिसंबर 2025 तक चार दिन चलेगा और इसका आयोजन नवा रायपुर स्थित नवनिर्मित विधानसभा भवन में किया जा रहा है।
यह सत्र इसलिए भी खास है क्योंकि 14 दिसंबर को ही विधानसभा का स्थापना दिवस है, जिसकी याद में सत्र का पहला दिन इसी तारीख को रखा गया है। दरअसल, राज्य बनने के बाद विधानसभा की पहली बैठक 14 दिसंबर 2000 को हुई थी और संयोगवश इस बार 14 दिसंबर का दिन रविवार को पड़ रहा है। इस दिन को यादगार बनाने के लिए सत्र की शुरुआत इसी दिन से करने का निर्णय लिया गया है।
खास बात यह है कि यह सत्र पूरी तरह पेपरलेस होगा। पहले दिन सदन में छत्तीसगढ़ विजन 2047 पर चर्चा रखी गई है, हालांकि इस चर्चा में केवल सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक ही भाग लेंगे, क्योंकि कांग्रेस विधायकों ने पहले दिन की कार्यवाही का बहिष्कार करने का ऐलान किया है।

