छत्तीसगढ़–आंध्र सीमा पर सड़क हादसा, मारेडमिल्ली घाट में बस खाई में गिरी,8 की मौत, कई घायल
रायपुर – छत्तीसगढ़ सीमा से सटे आंध्र प्रदेश के मारेडमिल्ली घाट में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अरुकु से रायलासीमा चित्तूर के लिए रवाना हुई एक प्राइवेट ट्रेवल्स की बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
इस भीषण दुर्घटना में 8 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए। हादसा इतना भयावह था कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बचाव टीमों को यात्रियों को निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मारेडमिल्ली घाट का यह हिस्सा काफी खतरनाक मोड़ों वाला है। देर रात धुंध और तेज ढलान के कारण बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
स्थानीय पुलिस, वन विभाग की टीम और क्षेत्रीय प्रशासन ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। घायल यात्रियों को चिंतूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां गंभीर रूप से घायल लोगों का उपचार जारी है।
हादसे में घायल यात्रियों को एंबुलेंस और स्थानीय वाहनों की मदद से तेजी से चिंतूर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टर्स के अनुसार, कई घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उन्हें बेहतर उपचार के लिए बड़े अस्पतालों में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने मृतकों की पहचान शुरू कर दी है और उनके परिजनों को सूचना भेजी जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक का माहौल है।

