पुलिस ने दो तस्कर किए गिरफ्तार,22 हीरा जैसे खनिज हुए बरामद, जब्त समान की कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई
छत्तीसगढ़ – गरियाबंद जिले में पुलिस ने अवैध खनिज तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। देवभोग थाना पुलिस ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 22 नग बहुमूल्य हीरा जैसे खनिज पदार्थ बरामद किए गए हैं। बरामदगी की कुल कीमत लगभग 4 लाख रुपये आंकी गई है।
देवभोग थाना प्रभारी फैजुल हुदा शाह ने बताया कि 9 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम देवभोग के शरदापुर आईटीआई कॉलेज के सामने दो व्यक्ति चमकीले पत्थर लेकर ग्राहक की तलाश में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा और पूछताछ शुरू की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खीर सिंह मांझी (30 वर्ष) निवासी झूलेनबर, जिला नवरंगपुर (ओडिशा) और हरीशंकर नेताम (27 वर्ष) निवासी पायलीखण्ड जुगाड़, जिला गरियाबंद के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे इन पत्थरों को ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ग्राहक खोज रहे थे।
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 22 नग चमकीले हीरा जैसे खनिज, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल (CG 04 KB 0696) जब्त की है। बरामदगी की कुल अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी इन खनिजों के लिए कोई वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र नहीं दिखा सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 303(2), 3(5) एवं माइनिंग एक्ट की धारा 21(4) के तहत मामला दर्ज किया है। देवभोग थाना पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई जिले में अवैध खनिज कारोबार पर बड़ी रोक मानी जा रही है।

