नक्सल फैक्टरी का भंडाफोड़,DRG ने बरामद किए 17 हथियार
छत्तीसगढ़ – नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। DRG की टीम ने गोमगुड़ा इलाके के घने जंगल में नक्सलियों की ऑर्डिनेंस फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। साथ ही मौके से 17 रायफल, हथियार बनाने की मशीनें, गन पार्ट्स और भारी मात्रा में निर्माण सामग्री बरामद की गई है। यह कार्रवाई एंटी नक्सल ऑपरेशन का हिस्सा है।
सुकमा पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सीनियर अफसरों के डायरेक्शन में नई रणनीति के तहत संचालित एंटी नक्सल अभियान का हिस्सा थी। लगातार चल रहे इन अभियानों से नक्सलियों को भारी नुकसान पहुंचा है और वे अब दबाव में हैं।
3 नवंबर 2025 को सटीक खुफिया सूचना के आधार पर DRG टीम ने गोमगुड़ा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान सुरक्षाबलों को जंगल में नक्सलियों द्वारा संचालित अवैध हथियार निर्माण फैक्टरी मिली। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ कि नक्सली इस फैक्ट्री में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए हथियार और विस्फोटक सामग्री तैयार कर रहे थे।
बरामद किए गए हथियारों की लिस्ट
फैक्ट्री से जब्त किए गए हथियारों और उपकरणों की विस्तृत सूची में BGL रॉकेट लॉन्चर (1 नग), BGL लॉन्चर (6 नग), 12 बोर राइफल (6 नग), सिंगल शॉट राइफल (3 नग), देशी कट्टा (1 नग) और BGL बैरल (3 नग) शामिल हैं। इसके अलावा नक्सलियों द्वारा हथियार निर्माण में प्रयुक्त कई गन पार्ट्स और भारी उपकरण भी बरामद हुए हैं, जिनमें ग्राइंडर, वेल्डिंग शील्ड, हैंड ड्रिल (बड़ी व छोटी), टेबल वाइस, बैरल पार्ट्स, बिजली के तार, लोहे के पाइप इत्यादि प्रमुख हैं।

