March 6, 2026

ओडिशा से लाई जा रही 50 लाख की गांजा खेप जब्त, सरगुजा निवासी तस्कर गिरफ्तार

0
30oX1t4x-Chhattisgarh-News-17

रायगढ़ – जिले में पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की संयुक्त टीम ने 50 लाख रुपए की कीमत का गांजा जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई घरघोड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम को की गई। आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ के रास्ते अन्य जिलों में सप्लाई करने की कोशिश कर रहा था।

ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक कार में गांजा की बड़ी खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही उन्होंने साइबर सेल और थाना घरघोड़ा तथा पूंजीपथरा पुलिस के साथ साझा कर त्वरित कार्रवाई की।

थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू की अगुवाई में टीम ने घरघोड़ा-लैलूंगा मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की। थोड़ी देर में एक हुंडई कार आते देख पुलिस ने उसे रोका। तलाशी लेने पर कार में एक-एक किलो के 250 पैकेट गांजा बरामद हुए, जिनका कुल वजन 257.5 किलोग्राम निकला। जब्त किए गए गांजा की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपए बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष दास पिता बुधराम दास, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम चीताबहार, थाना दरिमा, जिला सरगुजा के रूप में हुई है। आरोपी से तस्करी में प्रयुक्त कार, एक वीवो मोबाइल और अन्य सामान भी जब्त किया गया है। पुलिस का अनुमान है कि यह गिरोह लंबे समय से राज्य में गांजा सप्लाई कर रहा था।

घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी संतोष दास को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि खेप कहां-कहां सप्लाई की जानी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed