PWD सब इंजीनियर रिश्वत लेते गिरफ्तार,21 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप,ACB ने घर पर भी मारी रेड
छत्तीसगढ़ – मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में लोक निर्माण विभाग के सब इंजीनियर सीपी बंजारे को एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि बंजारे ठेकेदार अंकित मिश्रा से बिल पास करने के एवज में 21,000 रुपए की रिश्वत मांग रहे थे। अंबिकापुर एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई की, जिसके बाद आरोपी के घर पर भी तलाशी जारी है।
जानकारी के अनुसार, ठेकेदार अंकित मिश्रा ने विभाग का काम पूरा करने के बाद बिल पास कराने के लिए कई बार कार्यालय का चक्कर लगाया। इस दौरान सब इंजीनियर बंजारे ने भुगतान के लिए 21 हजार रुपए की मांग की। रिश्वत की मांग से परेशान होकर ठेकेदार ने अंबिकापुर एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और जैसे ही बंजारे ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उन्हें केमिकल लगे नोटों के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने सब इंजीनियर के मनेंद्रगढ़ स्थित घर में छापा मारा। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान बेहिसाब संपत्ति और अवैध लेनदेन से जुड़े दस्तावेज मिलने की संभावना है। तलाशी कार्रवाई देर रात तक जारी रहने की उम्मीद है। एसीबी की इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में हड़कंप मचा हुआ है।

