March 7, 2026

कांग्रेस नेता के ऑफिस के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, दो लोग घायल, बाइक से आए थे तीन नकाबपोश शूटर

0
Screenshot_20251028_235202_copy_800x582

छत्तीसगढ़ – बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में कांग्रेस जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह के निजी ऑफिस के सामने फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन बाइक सवार नकाबपोश बदमाश अचानक आए और बिना कुछ बोले गोलियां चला दीं। दो राउंड फायरिंग के दौरान दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों को तुरंत अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार दोनों की स्थिति पर नजर रखे हुए है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर प्राथमिक बयान दर्ज किए हैं और घायलों से हमलावरों की पहचान के संकेत जुटाने की कोशिश की जा रही है।

नकाबपोश हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें करीब 10 से 12 राउंड गोलियां चलाई गईं। इस गोलीबारी में एक युवक के हाथ में गोली लगी, जबकि दूसरे युवक की कमर को गोली छूकर निकल गई। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान नितेश सिंह ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से जवाबी फायरिंग की, जिससे हमलावर डरकर मौके से भाग निकले। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के थानों को हाई अलर्ट पर रखा है और तोरवा तथा मस्तूरी इलाके में नाकेबंदी के आदेश दिए हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हाल ही में हुए जनपद चुनाव के दौरान नितेश सिंह के समर्थकों का एक गुट दूसरे गुट से भिड़ गया था। इस फायरिंग को उसी चुनावी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस अभी इस पर कुछ भी कहने से बच रही है और सभी एंगल से जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed