“दिवाली पर बेटे से मिलने नहीं दी अनुमति”- भूपेश बघेल का दर्द भरा पोस्ट
छत्तीसगढ़ – दीपावली के दिन जब पूरा देश खुशियों के दीप जला रहा था, तब छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का दिल भारी था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक भावुक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि उन्हें अपने बेटे चैतन्य बघेल से मिलने की अनुमति नहीं मिली। पोस्ट में उन्होंने पुराने राजनीतिक दौर का ज़िक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी को भी याद किया, जिससे यह पोस्ट भावनात्मक और राजनीतिक दोनों ही दृष्टिकोण से चर्चाओं में आ गया है।
भूपेश बघेल ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “दिवाली पर मुझे जेल में बंद अपने बेटे से मिलने की अनुमति नहीं मिली। दो दशक पहले जब अजीत जोगी मुख्यमंत्री थे, उन्होंने मेरे बाबूजी को जेल भेजा था, लेकिन तब दीवाली के दिन उनसे मिलने की छूट मिल गई थी।”
उन्होंने आगे लिखा, “आज नरेंद्र मोदी और अमित शाह की कृपा से मेरा बेटा जेल में है। आज भी दिवाली है, लेकिन मैं उससे मिल नहीं सकता। बहरहाल, सबको दीपावली की शुभकामनाएं।” इस पोस्ट के साथ ही बघेल ने अपने बेटे की गिरफ्तारी के मुद्दे को एक भावनात्मक अंदाज़ में उठाया, जिसने सोशल मीडिया पर तेजी से राजनीतिक बहस का रूप ले लिया।
कांग्रेस नेताओं ने साधा निशाना
भूपेश बघेल के इस बयान के बाद कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उनका कहना है कि ईडी और अन्य केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिशोध के लिए किया जा रहा है। कई कांग्रेस नेताओं ने इसे “एक पिता का दर्द” बताया, जबकि बीजेपी नेताओं ने इसे राजनीतिक नाटक करार दिया।
कांग्रेस प्रवक्ताओं ने कहा कि दिवाली जैसे त्यौहार पर परिवार से मिलने की अनुमति न देना, यह दर्शाता है कि सरकार संवेदनशीलता खो चुकी है। वहीं भाजपा खेमे का कहना है कि बघेल “अपने बेटे के अपराधों को भावनाओं के सहारे ढंकने की कोशिश” कर रहे हैं।

