March 7, 2026

ट्रक और 200 कट्टा धान जले,फायर ब्रिगेड ने पाया काबू,गोदाम सुरक्षित, जांच जारी

0
Gariaband-fire-news

गरियाबंद – जिले के पैरी नगर स्थित मां कर्मा राइस मिल में शनिवार देर रात अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मिल परिसर में खड़ी एक ट्रक देखते ही देखते आग की चपेट में आ गई। ट्रक में लोड लगभग 200 कट्टा धान आग में जलकर पूरी तरह खाक हो गया। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आग को समय रहते काबू में कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार देर रात करीब 2 बजे की है। राइस मिल परिसर में धान से भरी ट्रक खड़ी थी, तभी अचानक ट्रक के पिछले हिस्से में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में ट्रक पूरी तरह लपटों में घिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष गाफू मेमन की तत्परता और फायर विभाग की तेज प्रतिक्रिया से राहत दल मौके पर पहुंचा। आग पर काबू पाने के लिए कई टैंकरों से पानी का छिड़काव किया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फायर ब्रिगेड की इस कार्रवाई से मिल का गोदाम और बाकी धान सुरक्षित बचा लिया गया।

मिल संचालक विकास साहू के अनुसार, ट्रक में करीब 200 कट्टा धान लोड था, जो पूरी तरह राख में तब्दील हो गया। ट्रक का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन पुलिस ने आगजनी की जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता, तो पूरा गोदाम जलकर राख हो सकता था। फिलहाल पुलिस शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों की जांच में जुटी है। प्रशासन ने भी नुकसान का आंकलन शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed