सराफा कारोबारी से डेढ़ करोड़ रुपए की चांदी की लूट, फ्लैट में घुसकर गन पॉइंट पर वारदात, CCTV का DVR भी साथ गए
रायपुर – आज कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार में रहने वाले सराफा कारोबारी राहुल गोयल के घर से बदमाशों ने करीब 86 किलो चांदी लूट ली। इसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपए बताई जा रही है। यह घटना सुबह 4 बजे के करीब हुई, जब दो नकाबपोश बदमाश गन लेकर कारोबारी के फ्लैट पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने सबसे पहले कारोबारी के दरवाजे पर दस्तक दी। जैसे ही राहुल गोयल ने दरवाजा खोला, लुटेरों ने उनकी कनपटी पर गन टिका दी। इसके बाद उन्हें दवा सुंघाकर बेहोश कर दिया गया।

यही नहीं, कारोबारी के हाथ-पैर भी बांध दिए गए ताकि वह मदद के लिए पुकार न सकें। बदमाशों ने फ्लैट में रखे गहनों को खंगाला और करीब 86 किलो चांदी उठाकर फरार हो गए। जाते-जाते CCTV कैमरे का DVR भी अपने साथ ले गए।
सर्राफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू ने बताया कि कारोबारी राहुल गोयल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा के रहने वाले हैं।
वह रायपुर में किराए के फ्लैट में रहकर सराफा कारोबार करते थे। सदर बाजार में उनकी दुकान है, जहां चांदी और सोने के जेवर बेचे जाते थे। इस घटना के बाद रायपुर के सराफा कारोबारियों में दहशत का माहौल है।
एडिशनल एसपी लखन पटले ने बताया कि पुलिस को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, टीम मौके पर पहुंच गई। कारोबारी के हाथ-पैर बंधे मिले।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि बदमाश पहले से कारोबारी और जेवरों के बारे में पूरी जानकारी रखते थे। पुलिस अब आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है और शक के आधार पर कई लोगों से पूछताछ कर रही है।
रायपुर के सराफा बाजार में इस वारदात के बाद व्यापारियों में भारी डर का माहौल है। कारोबारी मानते हैं कि अगर पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ा नहीं, तो अपराधियों के हौसले और बुलंद हो जाएंगे।

