कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू ने किया धोखाधड़ी: 50 एकड़ जमीन पर KCC लोन में गड़बड़ी का आरोप,पुलिस ने की FIR दर्ज, जांच शुरू
जांजगीर /चांपा – कांग्रेस पार्टी के विधायक बालेश्वर साहू पर धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगे हैं। यह मामला तब का है जब वे बम्हनीडीह सहकारी समिति में प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे।
चांपा पुलिस ने विधायक साहू के खिलाफ आईपीसी की धाराएं 420, 468, 267 और 34 (साजिश में शामिल अन्य व्यक्ति) के तहत एफआईआर दर्ज की है। साथ ही आरोपी गौतम राठौर का भी नाम मामले में शामिल है।
इस मामले की शिकायत राजकुमार शर्मा नामक किसान ने की है। उनका आरोप है कि वर्ष 2015 से 2020 के बीच जब बालेश्वर साहू प्रबंधक थे, तब उन्होंने 50 एकड़ जमीन पर किसान क्रेडिट कार्ड के नाम पर धोखे से एचडीएफसी बैंक में खाता खुलवाया।
प्रार्थी, उसकी पत्नी और मां का ब्लैंक चेक लिया गया और फर्जी हस्ताक्षर व अंगूठे के निशान लगाकर ₹78,000 की निकासी की गई। पीड़ित का कहना है कि उसे इस धोखाधड़ी का पता तब चला जब बैंक स्टेटमेंट देखा।
पुलिस ने की एफआईआर दर्ज, जांच शुरू
लगभग दो महीने पहले चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के बाद अब पुलिस ने विधायक बालेश्वर साहू और गौतम राठौर के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। चांपा थाना प्रभारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर केस दर्ज हुआ है।

