भाजपा नेता के घर से 11 पेटी अवैध शराब जब्त: खपाई जा रही थी एमपी की शराब,आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज, आगे की जांच जारी
पखांजूर – गांधी जयंती के दिन जब पूरे देश में शुष्क दिवस मनाया जा रहा था, तब छत्तीसगढ़ के पखांजूर में पुलिस ने एक चौंकाने वाली कार्रवाई को अंजाम दिया।
यह छापा भारतीय जनता पार्टी के एक युवा नेता मिंटू सरकार उर्फ सोनू के घर पर मारा गया, जहाँ से पुलिस ने 11 पेटी मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद की है।
पुलिस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि पखांजूर इलाके में मध्यप्रदेश की शराब की तस्करी की जा रही है।
2 अक्टूबर को एक मुखबिर ने खबर दी कि मिंटू सरकार अपने शुभपल्ली स्थित किराए के मकान में अवैध शराब स्टोर कर ग्राहक की तलाश कर रहा है।
इस सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने तुरंत उच्च अधिकारियों को जानकारी दी और एक टीम बनाकर बताए गए पते पर छापा मारा।
क्या-क्या मिला आरोपी के घर से?
पुलिस को तलाशी के दौरान 11 पेटी अंग्रेजी शराब मिली, जिन पर “मध्यप्रदेश में निर्मित” लिखा हुआ था।
इन पेटियों में कुल 528 पाव शराब यानी 95.04 लीटर की मात्रा थी, जिसकी बाज़ार कीमत करीब ₹63,360 बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज, आगे की जांच जारी
पुलिस ने मिंटू सरकार के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
यह कार्रवाई इसलिए और अहम मानी जा रही है क्योंकि यह शुष्क दिवस के दिन हुई है, जब शराब की बिक्री और उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित होता है।

