प्रेमिका ने अपने प्रेमी का गला रेतकर की हत्या: पुलिस के सामने किया सरेंडर
रायपुर – स्टेशन रोड स्थित एवन लॉज में ठहरी 16 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका ने धारदार हथियार से अपने प्रेमी मोहम्मद सद्दाम की गला रेतकर हत्या कर दी। सद्दाम मूलतः बिहार का रहने वाला था और फिलहाल बिलासपुर में रहता था।
पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर की रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसी दौरान लड़की ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे सद्दाम की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद नाबालिग ने कमरे को बाहर से बंद किया, मृतक का मोबाइल अपने साथ ले गई और कमरे की चाबी रेलवे ट्रैक पर फेंक दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद लड़की सीधे अपने घर लौटी और मां को पूरी घटना बता दी। मां-बेटी ने तुरंत बिलासपुर पुलिस को इसकी जानकारी दी। इसके बाद लड़की ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सबूत इकट्ठा करने शुरू कर दिए। लॉज का कमरा सील कर दिया गया और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। मृतक के मोबाइल नंबर के आधार पर उसके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।
फिलहाल नाबालिग लड़की से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हत्या की वजह केवल आपसी विवाद था या इसके पीछे कोई और कारण भी जुड़ा हुआ है। इस वारदात से रायपुर शहर में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग होने के कारण आरोपी युवती के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।

