बहुचर्चित ड्रग्स केस:नव्या मलिक और विधि अग्रवाल को 15 सितंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल,मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार
रायपुर -राजधानी के बहुचर्चित ड्रग्स केस में आरोपी नव्या मलिक और विधि अग्रवाल की दो दिन की पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद विशेष अदालत में पेशी हुई। सुनवाई के बाद कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 15 सितंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। अब तक इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि नव्या और विधि हर माह मुंबई और गोवा का दौरा करती थीं। वहां हाईप्रोफाइल घरानों के युवा रातभर चलने वाली पार्टियों में शामिल होते थे। पूछताछ में रायपुर, नवा रायपुर, मंदिर हसौद, वीआईपी रोड और चंद्रखुरी स्थित होटल, क्लब और फार्महाउस का खुलासा हुआ है, जहां ड्रग्स पार्टियां आयोजित होती थीं।
विधि अग्रवाल की इवेंट कंपनी ‘बिहाइंड द सीन्स’ बड़े होटल, क्लब और मैरिज पैलेस में न्यू ईयर सेलिब्रेशन जैसे इवेंट्स आयोजित करती थी। पुलिस को शक है कि इन्हीं इवेंट्स की आड़ में ड्रग्स नेटवर्क को संचालित किया जाता था।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शुरुआती पार्टियों में 25-30 लोग शामिल होते थे, लेकिन देर रात 1 बजे के बाद सिर्फ 10-15 लोग ही रुकते थे। इन्हीं जगहों पर ड्रग्स के साथ अश्लील गतिविधियां भी होती थीं। कई बड़े उद्योगपतियों, कारोबारियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ,पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के नाम भी सामने आए हैं।
पुलिस को आरोपियों के मोबाइल से चैट्स मिले हैं। इनके आधार पर ड्रग्स खरीदने वालों की सूची तैयार की जा रही है। इन लोगों को जल्द ही काउंसिलिंग के लिए बुलाया जाएगा और परिवारों को भी सूचित किया जाएगा।

