बेबीलॉन टावर में देर रात लगी भीषण आग: कांच टूटकर गिरे, फंसे लोगों को पुलिस-दमकल ने बचाया
रायपुर – तेलीबांधा इलाके में स्थित बेबीलॉन टावर के तीसरे माले में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग की लपटें ऊपर तक फैल गईं और आसपास अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। कांच के शीशे टूटकर नीचे गिरने लगे, जिससे वहां से गुजर रहे लोग सहम गए।
घटना की सूचना मिलते ही रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह, एसएसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह और एसडीएम नंदकुमार चौबे तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस और दमकल की टीम ने मिलकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
आग लगने के दौरान टॉप फ्लोर पर स्थित सांगरिया रेस्टोरेंट में आधा दर्जन से ज्यादा लोग फंस गए थे। आग और धुएं की वजह से कोई भी नीचे नहीं उतर पा रहा था। प्रशासन और दमकल विभाग ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने राहत की सांस ली कि किसी की जान को नुकसान नहीं हुआ।

