March 8, 2026

सरकार ने बढ़ाया महंगाई भत्ता, अब मिलेगा 55% डीए,अधिकारी-कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बड़ी राहत

0
7th-Pay-Commission-Good-2

रायपुर – छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का तोहफ़ा दिया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 की दूसरी छमाही में कर्मचारियों का डीए अब 53% से बढ़ाकर 55% कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों और पेंशनरों को अब केंद्रीय कर्मचारियों के बराबर 55% DA मिलेगा। इस फैसले का लाभ कर्मचारियों को जुलाई 2025 से सैलरी में दिखना शुरू हो जाएगा।

गौरतलब है कि सरकार ने पांच महीने पहले ही पहली छमाही में DA (महंगाई भत्ता वृद्धि) करते हुए इसे 50% से बढ़ाकर 53% किया था। अब दूसरी छमाही में फिर से 2% की वृद्धि कर कर्मचारियों का डीए 55% कर दिया गया है।

इस बढ़ोतरी का सीधा असर राज्य के लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों की जेब पर पड़ेगा। महंगाई भत्ता बढ़ने से सैलरी और पेंशन दोनों में इजाफा होगा, जिससे त्योहारों से पहले परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी। महंगाई भत्ता बढ़ाने की घोषणा के बाद कर्मचारियों में खुशी की लहर है। कर्मचारी संगठनों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है और इसे एक बड़ा कदम बताया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, भारत सरकार के अधिकारी-कर्मचारी को 55 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है लेकिन, हमारे राज्य के कर्मचारियों को 53 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा था। इसलिए सरकार ने छत्तीसगढ़ के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत की वृद्धि की है।

अब उन्हें 55 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा, जो भारत सरकार के अधिकारी-कर्मचारियों के समान होगा। सीएम ने आगे कहा कि दीपावली के त्योहार से पहले यह निर्णय अधिकारी-कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed