डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल स्थित क्लासरूम में पढ़ाई के दौरान छात्रा पर गिरा सीलिंग फैन, घायल
दुर्ग – जिले के भिलाई नगर के सेक्टर-2 स्थित डीएवी इस्पात पब्लिक स्कूल में गुरुवार को पढ़ाई के दौरान एक सीलिंग फैन अचानक क्लासरूम की छत से टूटकर नीचे गिर गया। हादसे में कक्षा चौथी की एक छात्रा के हाथ में हल्की खरोंच आई है। यह घटना भट्टी थाना क्षेत्र की है।
जैसे ही घटना की जानकारी स्कूल प्रशासन को मिली, उन्होंने घायल छात्रा को पास के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद छात्रा को छुट्टी दे दी गई। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
घटना के तुरंत बाद जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने स्कूल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने बताया कि सहायक संचालक को स्कूल भेजा गया और प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि पंखा हुक से गिरा।
स्कूल शिक्षक नीतीश नायर ने बताया कि यह इस स्कूल में इस तरह की दूसरी घटना है। पिछले साल भी छत का प्लास्टर और स्लैब गिरने से एक छात्रा घायल हो चुकी है। गर्मियों में मरम्मत कार्य के बाद निरीक्षण भी हुआ था, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही अब भी सामने आ रही है।
सेक्टर-2 के रहवासी और अभिभावक बेहद नाराज हैं। स्थानीय निवासी अभिषेक अवस्थी ने कहा कि स्कूल भवन वर्षों से जर्जर हालत में है और रखरखाव के नाम पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
अभिभावकों की मांग है कि स्कूल भवन की समुचित जांच कर मरम्मत कराई जाए और प्रशासनिक जवाबदेही तय की जाए।

