बारिश के कारण धसा पुराना कुआं, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
कोरबा -जिले में भारी बारिश ने एक और बड़ा हादसा करा दिया। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम बनवार में एक पुराना कुआं अचानक धंस गया, जिससे एक ही परिवार के तीन लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है और घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए हैं।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बारिश के बीच तीनों लोग कुएं में लगे मोटर पंप को निकालने की कोशिश कर रहे थे। तभी अचानक जमीन धंस गई और तीनों गड्ढे में समा गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद गांव में शोक और भय का माहौल बन गया है।
पुलिस और आपदा बचाव दल ने मौके पर पहुंचते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। मलबे को हटाने के लिए मशीनों का उपयोग किया। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर रहने की हिदायत दी गई है।
पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण जमीन की पकड़ कमजोर हो गई थी। आशंका है कि मिट्टी की नमी और दबाव की वजह से कुएं की दीवारें अचानक ढह गईं। यह हादसा एक चेतावनी भी है कि ग्रामीण इलाकों में पुराने निर्माणों का समय-समय पर निरीक्षण कितना जरूरी है।

