चैतन्य बघेल को 5 दिन की रिमांड पर भेजा: शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में होगी पूछताछ
छत्तीसगढ़ – पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के भिलाई स्थित निवास पर 7 घंटे की छापेमारी के बाद ED ने उनके बेटे चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें 5 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। जहां ईडी शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चैतन्य से पूछताछ करेगी।
प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने भूपेश बघेल के निवास पर आज सुबह छापामार कार्रवाई की। जिसके बाद ईडी की टीम ने चैतन्य बघेल को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई तब की गई जब उनके बेटे चैतन्य बघेल का जन्मदिन मनाया जा रहा था।
ईडी की इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने विधानसभा की कार्यवाही का बहिष्कार करते हुए कोर्ट पहुंचकर एकजुटता दिखाई। भूपेश बघेल के साथ-साथ विपक्ष के नेता डॉ. चरणदास महंत, देवेंद्र यादव, और अन्य कांग्रेस विधायक भी न्यायालय परिसर में मौजूद रहे। वहीं गिरफ्तारी के विराेध में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने ED दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया. इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की और झूमाझटकी भी हुई.
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने कहा कि “तमनार में अडानी को पेड़ काटने की अनुमति देने के विरोध में हमने स्थगन प्रस्ताव लाया था। अब चैतन्य बघेल के जन्मदिन पर ईडी रेड से यह साफ है कि यह कार्रवाई विपक्ष को डराने और दबाने के लिए की गई है।” उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कुचला जा रहा है और विपक्ष इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बयान दिया कि “जब-जब हम अडानी के खिलाफ बोलते हैं, तब-तब हमें निशाना बनाया जाता है। यह राजनीतिक प्रतिशोध है।” उन्होंने कहा कि “कवासी लखमा, देवेंद्र यादव के बाद अब मेरे बेटे को टारगेट किया गया है। हम न डरेंगे, न झुकेंगे।”

