March 7, 2026

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी माने जाने वाले सुशील आनंद शुक्ला पर भेदभाव के आरोप,प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने किया किनारा

0
IMG-20250716-WA0697(1)

रायपुर – छत्तीसगढ़ कांग्रेस में मीडिया प्रभारी सुशील आनंद शुक्ला की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उन पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। आरोप है कि सुशील आनंद शुक्ला केवल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की चरणवंदना तक सीमित रह गये हैं और अन्य कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं।

वरिष्ठ नेताओं में बढ़ रहा असंतोष

पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, चाहे प्रेस विज्ञप्तियों का मामला हो या प्रदेश अध्यक्ष की गतिविधियों का प्रचार—हर जगह अन्य नेताओं को दरकिनार कर केवल भूपेश बघेल को प्रमुखता दी जा रही है। यही नहीं, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, टी.एस. सिंहदेव, शिव डहरिया,अमरजीत भगत,मोहन मरकम और यहां तक कि प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज तक सुशील आनंद शुक्ला के व्यवहार से असहज नजर आए।

कांग्रेस मीडिया प्रभारी सुशील आनंद शुक्ला भूपेश बघेल को छोड़ने-लाने के लिये विवेकानंद विमान तल बिना एक दिन भी नागा किये जाते है वही नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश अध्यक्ष को लेने -छोड़ने विमानतल जाना मुनासिब नहीं समझते है यह तमाम मुद्दे भी सुशील आनंद शुक्ला के लिए विष की तरह साबित हो रहा है।

विधायक दल की बैठक में दिखा असर

हाल ही में हुई विधायक दल की बैठक में भी सुशील आनंद शुक्ला को तवज्जो नहीं मिली और न ही उन्हें मीटिंग रूम अंदर जाने दिया गया जहां पहले वह स्वागत और संचालन की जिम्मेदारी संभालते थे,वहीं इस बार अधिकांश नेताओं ने उनसे दूरी बनाए रखी। बैठक में उनके प्रभावहीन होते कद ने अटकलों को और मजबूती दे दी है।

केक काटने की योजना पर भी विवाद

सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के दो साल पूरे होने पर सुशील आनंद शुक्ला ने जश्न मनाने और केक काटने की योजना बनाई थी। लेकिन दीपक बैज ने स्पष्ट रूप से इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया। उन्होंने बार-बार आग्रह करने के बावजूद सुशील के साथ केक काटने से इनकार कर दिया, जिससे यह संकेत मिला कि शीर्ष नेतृत्व अब मीडिया प्रभारी के रवैये से नाराज है।

पद से हटाने की हो रही चर्चा

बताया जा रहा है कि इस पूरे विवाद की शिकायत कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे तक पहुंच चुकी है। प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी आलाकमान से मांग की है कि शुक्ला को तत्काल मीडिया प्रभारी के पद से मुक्त किया जाए। संगठन स्तर पर बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो चुकी है।

कौन होगा नया मीडिया प्रभारी?

यदि सुशील आनंद शुक्ला को हटाया जाता है, तो उनके उत्तराधिकारी को लेकर कई नाम सामने आ रहे हैं। इनमें विकास तिवारी,धनश्याम राजू तिवारी, मनीष दयाल, धनंजय सिंह ठाकुर, शैलेश नितिन त्रिवेदी और सुरेंद्र वर्मा जैसे अनुभवी नेताओं के नाम प्रमुख रूप से चर्चा में हैं। पार्टी संगठन इनमें से किसी एक पर जल्द निर्णय ले सकता है।

मायने

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में मीडिया प्रभारी को लेकर उठा यह विवाद पार्टी की आंतरिक राजनीति में बड़े बदलाव की आहट दे रहा है। क्या सुशील आनंद शुक्ला पद पर बने रहेंगे या जल्द ही किसी नए चेहरे को जिम्मेदारी मिलेगी, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed