उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के जवाब से कांग्रेस विधायक भड़क उठे,विधानसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक स्थगित
छत्तीसगढ़- विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन सदन में तीखी नोकझोंक देखने को मिली। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या बिना शौचालय निर्माण के भी आवास को पूर्ण मान लिया जाता है? इस पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के जवाब से कांग्रेस विधायक भड़क उठे और सदन में हंगामा शुरू हो गया। छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही कल सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दिया है।
कांग्रेस विधायक ने जब स्वास्थ्य सेवाओं की खामियों को लेकर सवाल उठाया, तो स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश में पांच साल तक आपकी पार्टी की सरकार रही है।
डॉ. महंत ने पूछा कि दिव्यांगजनों को योजना में 5% और अल्पसंख्यकों को 14% आरक्षण देने का जो प्रावधान है, उसका क्रियान्वयन कितना हुआ है? इस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस दिशा में काम कर रही है और यह पुरानी सरकार की देरी का नतीजा है।
नेता प्रतिपक्ष ने रिश्वतखोरी के आरोपों को लेकर सवाल किया कि जिन जिलों में पीएम आवास योजना में पैसों के लेन-देन की शिकायतें मिली हैं, वहां के कलेक्टरों को निलंबित किया जाएगा या नहीं? जवाब में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि “मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार में सुशासन भी है और सुदर्शन भी। आपके पास जानकारी है तो दें, जांच की जाएगी।”
सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक शेषराज हरवंश ने रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में वर्षों से बंद पड़ी जांच मशीनों की स्थिति पर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि जब मशीनें खराब हैं तो उन्हें बदला या मरम्मत क्यों नहीं की जा रही है?
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जवाब में कहा कि वर्तमान में अस्पताल में 161 मशीनें लगी हैं, जिनमें से 50 मशीनें बंद हैं। 11 मशीनों की मरम्मत चल रही है और लगभग ₹70 करोड़ की नई मशीनों की खरीदी की जा रही है।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही आज प्रश्नकाल से शुरू हुई। सदन में आज वित्त, राजस्व, कृषि और वाणिज्यिक कर विभाग से जुड़े चार महत्वपूर्ण संशोधन विधेयक पेश किए जाएंगे।
आज के प्रश्नकाल में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के विभागों से संबंधित प्रश्न लगे हैं। सदन में साइबर क्राइम, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और बंद पड़ी जांच मशीनों जैसे मुद्दों पर सवाल-जवाब होंगे।

