ड्राइवर को आई झपकी, खाई में गिरा ट्रक, 5 मजदूरों की मौत
छत्तीसगढ़ – कवर्धा जिले के कुकदुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, आगरपानी घाट पर एक बोरिंग मशीन लेकर जा रही ट्रक गहरी खाई में गिर गया, जिससे मौके पर ही 5 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 4 मजदूरों को गंभीर चोटें आईं हैं।
जानकारी के मुताबिक ट्रक ड्राइवर को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ। बता दें कि ट्रक मध्यप्रदेश के शहडोल से छत्तीसगढ़ के पंडरिया की ओर जा रहा था, और उसमें ट्यूबवेल बोरिंग का सामान और 9 मजदूर सवार थे। नींद की झपकी के चलते वाहन अनियंत्रित होकर सीधे गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे में 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि 4 गंभीर रूप से घायल मजदूरों को तुरंत रेस्क्यू कर जिला अस्पताल कवर्धा ले जाया गया। इलाज के दौरान दो और मजदूरों ने दम तोड़ दिया। इस तरह अब तक हादसे में 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि चार मजदूरों का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों में कुछ मजदूर छत्तीसगढ़ के जशपुर और कुछ तमिलनाडु के रहने वाले हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कुकदुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, और घायल मजदूरों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

