दो दिवसीय CG दौरे पर आ रहे कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, नेताओं और विधायकों से होगी चर्चा
छत्तीसगढ़ – कांग्रेस पार्टी को फिर से संगठित करने और आगामी चुनावों की रणनीति पर मंथन करने के उद्देश्य से प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट 23 और 24 जून को राज्य के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे वरिष्ठ नेताओं, कार्यकारिणी सदस्यों, जिला और ब्लॉक अध्यक्षों से मुलाकात कर जमीनी फीडबैक लेंगे और संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम बातचीत करेंगे।
सचिन पायलट 23 जून की सुबह 11:30 बजे पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की शुरुआत करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे वे प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे।
दोपहर 3 बजे जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों से अलग से बातचीत होगी, जिसमें जिला स्तर पर संगठन की स्थिति, स्थानीय समस्याएं और कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर फीडबैक लिया जाएगा।

शाम 4:30 बजे पायलट प्रदेश के मोर्चा संगठन, प्रकोष्ठ और विभाग अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान संगठनात्मक ढांचे, कार्यों की समीक्षा और सक्रियता बढ़ाने पर फोकस होगा।
रात 8 बजे कांग्रेस विधायकों के साथ एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक प्रस्तावित है, जिसमें आने वाले समय में पार्टी की दिशा, भाजपा से मुकाबले की तैयारी और जनसंपर्क अभियानों पर चर्चा की जाएगी।
अपने दौरे के दूसरे दिन यानी 24 जून की सुबह 11:30 बजे सचिन पायलट रायपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि वे पार्टी की आगामी रणनीति, बैठक के नतीजे और केंद्र सरकार की नीतियों पर प्रतिक्रिया देंगे।

