सनकी आशिक ने पूर्व प्रेमिका पर चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला, अस्पताल में किया गया भर्ती, हालत बेहद नाज़ुक
कोरबा – जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत एमपी नगर में एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना शनिवार की है जब आरोपी युवक ने युवती को मिलने के लिए बुलाया और बातचीत के दौरान उस पर अचानक चाकू से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने युवती के सीने पर जोरदार वार किया, जिससे वह घटनास्थल पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस बुलाकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है, जहां उसे गहन निगरानी में रखा गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, चाकू का वार काफी गहरा था।
बताया जा रहा है कि आरोपी और युवती के बीच पहले प्रेम संबंध थे, जो आपसी मतभेदों के चलते टूट गए थे। युवती ने युवक से दूरी बना ली थी, लेकिन आरोपी उसे लगातार परेशान कर रहा था। उसने कई बार युवती का पीछा किया और उसे डराने की कोशिश की। इस बार उसने मिलने का बहाना बनाकर युवती को फंसाया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस ने युवती के परिजनों की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 के तहत मामला दर्ज किया है। सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

