बृजमोहन अग्रवाल ने सीएम को लिखा पत्र, नकटी गांव में विधायक कॉलोनी निर्माण पर जताई आपत्ति
रायपुर – लोकसभा क्षेत्र से सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर ग्राम पंचायत नकटी, विकासखंड धरसीवां, जिला रायपुर में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के निर्माण पर गंभीर आपत्ति जताई है। उन्होंने मांग की है कि इस कॉलोनी के निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए।
सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि जिस भूमि पर कॉलोनी प्रस्तावित है, वहां पिछले कई वर्षों से 80 से अधिक गरीब परिवार मकान बनाकर रह रहे हैं। इनमें से कई लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर भी मिल चुके हैं और कुछ शासकीय सामुदायिक भवन भी वहीं बने हैं। यह जमीन ग्रामसभा द्वारा चारागाह के रूप में आरक्षित की गई साझा संपत्ति है, जिस पर कब्जाधारी ग्रामीण पंचायत व्यवस्था के तहत निवास कर रहे हैं।
इस संवेदनशील मुद्दे पर पूर्व विधायक देवजीभाई पटेल ने भी सांसद से मुलाकात कर ग्रामवासियों की पीड़ा साझा की। उन्होंने बताया कि वहां के अधिकांश लोग गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहे हैं और यह जमीन उनकी आजीविका और सामाजिक सम्मान से जुड़ी हुई है। पटेल ने भी ज्ञापन सौंपकर विधायक कॉलोनी के विरोध की बात कही।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि वे विकास के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन किसी को बेघर करके विकास नहीं होना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि प्रशासन को यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दें और कॉलोनी निर्माण को ग्रामीणों की रिहायशी सीमा से बाहर अथवा किसी वैकल्पिक स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।

