IFS अरुण प्रसाद ने दिया इस्तीफा, पर्यावरण संरक्षण मंडल के थे सदस्य सचिव
छत्तीसगढ़ – पर्यावरण संरक्षण से जुड़े एक अहम प्रशासनिक पद पर कार्यरत IFS अधिकारी अरुण प्रसाद पी ने सेवा से इस्तीफा दे दिया है। वर्तमान में वे राज्य पर्यावरण संरक्षण मंडल के सदस्य सचिव के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने बुधवार को राज्य सरकार को अपना इस्तीफा सौंपा, जिसमें व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया गया है।
हालांकि, उनका इस्तीफा अभी स्वीकृत नहीं हुआ है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार इसकी अनुशंसा केंद्र सरकार को भेजेगी, जिसके बाद ही इस्तीफे को अंतिम मंजूरी मिलेगी। तब तक अरुण प्रसाद अपने पद पर बने रहेंगे।
अरुण प्रसाद मूल रूप से तमिलनाडु के रहने वाले हैं और वे 2006 बैच के IFS अधिकारी हैं। वे वर्तमान में मुख्य वन संरक्षक (C.C.F.) के स्तर के अधिकारी हैं। उनकी कार्यशैली को प्रभावशाली और अनुशासित माना जाता रहा है। उन्होंने दंतेवाड़ा और राजनांदगांव जिलों में DFO के रूप में सेवा दी है और जंगलों के संरक्षण में अहम भूमिका निभाई है।
IFS अरुण प्रसाद ने छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के प्रबंध निदेशक के रूप में लंबी सेवा दी। इसके अलावा वे मंडी बोर्ड के एमडी भी रहे। दोनों जिम्मेदारियों में उनके कार्यकाल को प्रभावशाली और नीति-निर्माण में सक्रिय माना गया।
सूत्रों की मानें तो अरुण प्रसाद अब निजी क्षेत्र की ओर रुख कर सकते हैं। चर्चा है कि वे किसी बड़ी निजी कंपनी से जुड़ने जा रहे हैं, जहां उन्हें प्रशासनिक और रणनीतिक सलाहकार की भूमिका मिल सकती है। यह भी कहा जा रहा है कि पिछले कुछ समय से वे निजी क्षेत्र में नई पारी को लेकर मंथन कर रहे थे।

